CG News: रायपुर रिंग रोड-5 प्रोजेक्ट: 11 किमी लंबी सड़क से ट्रैफिक जाम होगा खत्म, 694 करोड़ की मंजूरी
CG News: राजधानी रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में लगभग 11 किलोमीटर लंबा रिंग रोड-5 बनाया जाएगा, जिसके लिए 694 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है।
दो चरणों में होगा निर्माण कार्य
इस प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा किया जाएगा,
• पहला चरण: चंदनीडीह से भाठागांव तक 7.5 किमी सड़क
• दूसरा चरण: भाठागांव से खारुन नदी तक 3.5 किमी सड़क का चौड़ीकरण
इसके साथ ही चंदनीडीह रेलवे क्रॉसिंग पर 110 करोड़ रुपए की लागत से एक ओवरब्रिज भी बनाया जाएगा।

प्रमुख रूट और कनेक्टिविटी
यह रिंग रोड चंदनीडीह, महादेवघाट, साठागांव, काठाडीह होते हुए पुराने धमतरी रोड के खिलोरा तक जाएगी। भविष्य में इसे फुंडहर चौक एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की योजना भी है, जिससे एयरपोर्ट और नवा रायपुर की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी, इस प्रोजेक्ट से रोजाना लगभग 1 लाख से अधिक लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही रिंग रोड-1 पर ट्रैफिक का दबाव भी काफी कम हो जाएगा।
प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की भूमिका
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, बजट को मंजूरी मिलने के बाद सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शामिल होगी। वहीं नगर निगम और पीडब्ल्यूडी मिलकर इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाएंगे।
शहर की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव
इस रिंग रोड से
• महादेवघाट और अमलेश्वर तक आसान पहुंच
• भाठागांव से शहर में वैकल्पिक एंट्री
• दुर्ग-भिलाई से एयरपोर्ट तक सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी
• NH-30 और एक्सप्रेस-वे से बेहतर जुड़ाव
जरूरत को ध्यान में रखकर योजना
विशेषज्ञों के अनुसार, रिंग रोड-1 अब शहर के बीचों-बीच आ चुका है, इसलिए रिंग रोड-5 की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। यह प्रोजेक्ट भविष्य के ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

