CG News: छत्तीसगढ़ में नारी शक्ति पर जोर, मुख्यमंत्री साय ने ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ को बताया ऐतिहासिक पहल
CG News: राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में नई दिल्ली के विज्ञान भवन से प्रसारित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। इस दौरान उन्होंने इसे देश की मातृशक्ति के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताया।
लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पहल भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को और अधिक समावेशी और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि “पंचायत से पार्लियामेंट तक” महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना नए भारत की सशक्त पहचान है।

महिलाओं की भागीदारी विकास की नींव
सीएम साय ने प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण का समर्थन करते हुए कहा कि निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सीधी भागीदारी ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। 16 अप्रैल को संसद में होने वाली ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर चर्चा इस दिशा में ऐतिहासिक कदम होगी।
महिला सशक्तिकरण के प्रयास
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। स्थानीय निकायों में 50% आरक्षण के कारण महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिल रहा है, जिसका सकारात्मक असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है।
‘महतारी वंदन योजना’ से मिला आर्थिक सहारा
सीएम साय ने कहा कि ‘महतारी वंदन योजना’ के जरिए राज्य की महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत हो रही हैं। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, उन्होंने कहा कि जब देश में महिला आरक्षण पर ऐतिहासिक चर्चा हो रही है, उसी समय छत्तीसगढ़ ‘महतारी गौरव वर्ष’ मना रहा है। यह राज्य की संस्कृति और महिला सम्मान को दर्शाता है।
महिलाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की मातृशक्ति और महिला संगठनों से हर मंच पर आगे आने और विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया, मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जब नारी सशक्त होती है, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा और समाज में सकारात्मक बदलाव की नई दिशा मिलेगी।

