CG News: कांकेर मुठभेड़ में वांटेड महिला नक्सली रूपी रेड्डी ढेर, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
CG News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के छोटेबेठिया क्षेत्र के माचपल्ली जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में एक महिला नक्सली को सुरक्षा बलों ने मार गिराया।
ढेर हुई वांटेड नक्सली रूपी रेड्डी
मुठभेड़ में मारी गई महिला नक्सली की पहचान रूपी रेड्डी के रूप में हुई है, जो वांटेड ACM (एरिया कमेटी मेंबर) थी। वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थी और इलाके में सक्रिय नक्सली कैडर में शामिल थी, मौके से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है।

सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई फायरिंग
सूचना मिलने पर पुलिस ने तड़के 4 से 5 बजे के बीच जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने मोर्चा संभाला और मुठभेड़ हुई।
लगातार सरेंडर से इनकार करती रही थी नक्सली
पुलिस के अनुसार, रूपी रेड्डी को कई बार सरेंडर के लिए कहा गया था, लेकिन वह लगातार नक्सली गतिविधियों में सक्रिय रही। बस्तर क्षेत्र में बड़े कैडर के कई नक्सलियों के मारे जाने या सरेंडर के बाद वह संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही थी।
बड़े नक्सली नेटवर्क से जुड़ा मामला
रूपी रेड्डी स्टेट कमेटी मेंबर (SCM) विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो पहले एक अन्य मुठभेड़ में मारा जा चुका है। वह उत्तर बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों को सरेंडर से रोकने की भूमिका में भी सक्रिय थी, मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। अन्य नक्सलियों की तलाश जारी है।
नक्सलवाद पर बड़ा दावा
हाल के महीनों में कई जिलों में नक्सलियों के सरेंडर और मुठभेड़ों के बीच सरकार ने नक्सलवाद पर कड़ी कार्रवाई का दावा किया है। केंद्रीय स्तर पर भी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में प्रभाव कम होने की बात कही गई है।

