CG News: रायपुर में इस साल बनेंगे 4 नए फ्लाईओवर, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
CG News: राज्य सरकार ने राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस साल चार प्रमुख फ्लाईओवर और ओवरपास के निर्माण की मंजूरी दी है। कुल लागत 360 करोड़ 35 लाख 93 हजार रुपए है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर के व्यस्त मार्गों पर जाम की समस्या कम होगी और लोगों को तेज एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
जी.ई. रोड पर बनेगा सबसे बड़ा फ्लाईओवर
शहर के व्यस्ततम मार्गों में से एक जी.ई. रोड पर गुरू तेज बहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चौक (तेलीबांधा) तक फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 172 करोड़ 86 लाख 28 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह फ्लाईओवर शहर के बीचों-बीच ट्रैफिक दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।

रिंग रोड-2 और वीआईपी रोड में ओवरपास
रिंग रोड क्रमांक-2 के सोनडोंगरी चौक पर 43 करोड़ 89 लाख 17 हजार रुपए की लागत से ओवरपास बनेगा, जो भारी वाहनों और बाहरी ट्रैफिक के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र है, वहीं वीआईपी रोड के फुंडहर चौक में 56 करोड़ 7 लाख 35 हजार रुपए की लागत से ओवरपास का निर्माण किया जाएगा, जिससे एयरपोर्ट और शहर के बीच बढ़ते ट्रैफिक में सुधार होगा।
अटल पथ एक्सप्रेस-वे पर ग्रेड सेपरेटर
अटल पथ एक्सप्रेस-वे पर फुंडहर चौक में 87 करोड़ 53 लाख 13 हजार रुपए की लागत से ग्रेड सेपरेटर का निर्माण होगा। इससे ट्रैफिक का सुचारू विभाजन होगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
सुगम और सुरक्षित यातायात
उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि राजधानी में यातायात को तेज, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फ्लाईओवर और सड़क चौड़ीकरण के कार्यों से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और लोगों की आवाजाही अधिक सहज होगी।
शहरवासियों को मिलेगा सीधा लाभ
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद रायपुर में ट्रैफिक की स्थिति में सुधार होगा। रोजाना यात्रा करने वाले हजारों लोग जाम से राहत पाएंगे, समय की बचत होगी और शहर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही, ये विकास कार्य रायपुर को एक आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में स्थापित करने में भी मदद करेंगे।
