Jashpur News: महतारी वंदन योजना से बदली महिलाओं की जिंदगी, 2 लाख से ज्यादा लाभार्थियों को मिला लाभ
Jashpur News: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई महतारी वंदन योजना महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। यह योजना सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में एक मजबूत पहल बनकर सामने आई है।

2 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिला लाभ
जिले में इस योजना के तहत मार्च 2024 से मार्च 2026 तक 2 लाख से अधिक महिलाओं को 25 किश्तों में 512.92 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और वे आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ रही हैं, योजना के तहत मिलने वाले 1000 रुपये प्रतिमाह महिलाओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। कई महिलाएं इस राशि को अपने काम-धंधे जैसे सिलाई के साथ जोड़कर घर की जिम्मेदारियां बेहतर तरीके से निभा रही हैं और परिवार का सहारा बन रही हैं।
बच्चों की शिक्षा और जरूरतों पर खर्च
जशपुर के ग्राम पुरना नगर की अनीमा खलखो इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों में कर रही हैं। वहीं, वे हर महीने 500 रुपये पोस्ट ऑफिस में जमा कर बचत भी कर रही हैं। इसी तरह प्रमिला प्रजापति बच्चों की पढ़ाई के साथ पोषण पर खर्च कर रही हैं, ग्राम झरगांव की प्यारी मांझी समेत कई महिलाओं ने इस योजना के जरिए आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की है। पहले जहां महिलाएं छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर थीं, अब वे खुद अपने फैसले लेने लगी हैं और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं।
निवेश और स्वरोजगार की ओर रुझान
महिलाएं अब इस योजना की राशि का उपयोग सिर्फ घरेलू खर्च तक सीमित नहीं रख रही हैं, बल्कि इसे सुकन्या समृद्धि योजना जैसे निवेश विकल्पों में लगा रही हैं। साथ ही छोटे व्यवसाय शुरू कर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में भी कदम बढ़ा रही हैं, महतारी वंदन योजना ने यह साबित कर दिया है कि सही दिशा में उठाया गया कदम समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर पूरे समाज को सशक्त करने का काम कर रही है।
