CG News: नक्सल प्रभावित इलाके में हर घर पहुंचा शुद्ध पेयजल, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
CG News: सुकमा जिले के दूरस्थ और नक्सल प्रभावित ग्राम सालातोंग में जल जीवन मिशन ने बदलाव की नई कहानी लिख दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गांव में हर घर तक नल से स्वच्छ पानी पहुंचाया गया है।
पानी के लिए भटकते थे ग्रामीण
पहले गांव के लगभग 80 घरों के लोग एक छोटे नाले पर निर्भर थे। गर्मियों में जलस्तर घटने से पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी होती थी।

हर घर पहुंचा नल कनेक्शन
जल जीवन मिशन के तहत गांव में 100 नल कनेक्शन देने का लक्ष्य तय कर तेजी से काम किया गया। अब ग्रामीणों को घर बैठे शुद्ध पेयजल मिल रहा है, जिससे उनकी दैनिक जिंदगी आसान हो गई है।
स्वास्थ्य और जीवनशैली में सुधार
स्वच्छ पानी मिलने से गांव में जलजनित बीमारियों में कमी आई है और लोगों के स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिला है। साथ ही जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
जल सुरक्षा में महिलाओं की भूमिका
“जल बहिनियाँ” के रूप में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और शिक्षित महिलाएं जल गुणवत्ता की जांच कर रही हैं। उन्हें प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाया गया है, जिससे सुरक्षित जल की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है।
ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता और घर पर ही नल से पानी मिलने से उनका जीवन आसान और सुरक्षित हो गया है।



