CG News: नए वित्तीय वर्ष में पेट्रोल-डीजल पर वैट घटा, आम लोगों और उद्योगों को मिलेगा लाभ
CG News: नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ छतीसगढ़ में सरकार ने पेट्रोल और हाईस्पीड डीजल पर वैट में करीब 1% की कटौती लागू कर दी है। इस फैसले के बाद ईंधन की कीमतों में प्रति लीटर लगभग 0.70 से 1.20 रुपये तक की कमी आने का अनुमान है।
नई टैक्स दरें लागू
वाणिज्यिक कर विभाग की अधिसूचना के अनुसार अब पेट्रोल पर 24% वैट (साथ में ₹2 प्रति लीटर) और डीजल पर 23% वैट (साथ में ₹1 प्रति लीटर) लागू होगा। पहले ये दरें लगभग 1% अधिक थीं, हालांकि कीमतों में कमी से आम लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन इसका असर सीमित रहेगा। अनुमान है कि वाहन उपयोग करने वालों को महीने में करीब 100 से 300 रुपये तक की ही बचत होगी।
उद्योगों को बड़ी राहत
सरकार ने बल्क में डीजल खरीदने वाले उद्योगों के लिए वैट घटाकर 17% कर दिया है। इससे बड़े उपभोक्ताओं को 4 से 6 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता डीजल मिलेगा, जो निर्माण, खनन और परिवहन क्षेत्रों के लिए बड़ा फायदा साबित होगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा
इस फैसले से सड़क, पुल, रेलवे, डैम जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स की लागत कम होगी और उनकी गति तेज होने की उम्मीद है। साथ ही मैन्युफैक्चरिंग और खनन क्षेत्र में निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा, विशेषज्ञों के मुताबिक यह निर्णय राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा। परिवहन और निर्माण लागत घटने से महंगाई पर नियंत्रण और विकास कार्यों में तेजी आने की संभावना है।

