CG News: PM मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’, 36 लाख दीये जलाने का लक्ष्य
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में विशेष कार्यक्रमों की तैयारी शुरू कर दी है. प्रदेश में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा. इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए प्रदेशभर में 36 लाख आशीर्वाद के दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है. भाजपा ने हर बूथ पर 100 दीये जलाने की योजना बनाई है.

प्रदेशभर में होंगे अलग-अलग कार्यक्रम
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि संभागीय, जिला और विकासखंड मुख्यालयों पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन आयोजनों में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा. अभियान के दौरान सेवा, सामाजिक सहभागिता और विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित करने की तैयारी है.
बस्तर में गांव-गांव जलेंगे आशीर्वाद के दीये
सेवा संकल्प अभियान में बस्तर क्षेत्र को विशेष रूप से शामिल किया गया है. यहां गांव-गांव में आशीर्वाद के दीये जलाने के लिए स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत बच्चे पेंटिंग के जरिए सेवा और विकास से जुड़े विषयों को प्रदर्शित करेंगे. स्कूलों और पंचायतों में ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन और विकास कार्यों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाने की योजना है.
आंगनबाड़ी से लेकर रंगोली तक होंगे आयोजन
अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें फल वितरण सहित सामाजिक गतिविधियां होंगी. ‘कहानी बदलाव के बीच’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के कार्यकाल के दौरान हुए प्रमुख फैसलों और बदलावों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा. वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के जरिए लोगों को सामाजिक सेवा से जोड़ने का प्रयास होगा. ‘सेवा के रंग’ के तहत रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी.
7 अक्टूबर को प्रस्तावित है सेवा ज्योति यात्रा
भाजपा के इस अभियान के तहत 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित करने की तैयारी है. जिला मुख्यालयों पर मशाल पहुंचाकर उसे निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाएगा. कार्यक्रम स्थल पर LED स्क्रीन के जरिए प्रधानमंत्री का संबोधन दिखाने की योजना है. इसके अलावा ‘जनसेवा का महाकुंभ’ कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जिसमें पंच से लेकर सांसद तक विभिन्न स्तर के जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है. छत्तीसगढ़ से भी पार्टी के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी प्रस्तावित है.
यह भी पढ़ें : CG News: 75 दिवसीय बस्तर दशहरा-2026 की तैयारियां तेज, UNESCO धरोहर सूची में शामिल कराने पर जोर

