CG News: CM साय की मौजूदगी में विविधता में एकता का संदेश, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह
CG News: राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में आज लोकभवन में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत 7 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय एकता का संदेश
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि यह अवसर विभिन्न राज्यों की समृद्ध विरासत, परंपराओं और विकास यात्रा को याद करने का है। उन्होंने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल देश की एकता और अखंडता को मजबूत करती है, कार्यक्रम में राज्यपाल ने मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, दादरा एवं नगर हवेली एवं दमन-दीव, बिहार, राजस्थान और ओडिशा के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इन राज्यों की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आर्थिक विशेषताओं का उल्लेख किया।
CM साय ने बताया एकता का महत्व
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ देश के 140 करोड़ लोगों को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाषा, वेशभूषा और खान-पान अलग होने के बावजूद हमारी एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
छत्तीसगढ़-ओडिशा संबंधों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच ‘रोटी-बेटी’ के संबंधों और राजस्थान के व्यापारियों के योगदान का उल्लेख करते हुए राज्यों के आपसी जुड़ाव पर प्रकाश डाला, समारोह में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों और छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान राज्यपाल ने सभी प्रतिनिधियों को राजकीय गमछा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
विशेष सम्मान और सराहना
कार्यक्रम में राज्यपाल के विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें सम्मानित किया गया। वहीं, उप सचिव निधि साहू के देहदान के निर्णय की भी सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
