CG News: नक्सलवाद पर ऐतिहासिक विजय, छत्तीसगढ़ विकास और सुरक्षा की नई दिशा में
CG News: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के समाप्ति की दिशा में ऐतिहासिक सफलता के अवसर पर आज उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई दी और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

CM साय का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ अब विकास, विश्वास और समृद्धि के नए युग की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने बताया कि वर्षों तक नक्सलवाद प्रदेश की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा रहा और बस्तर अंचल लंबे समय तक लाल आतंक के साये में रहा, सीएम साय ने कहा कि अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की मुख्यधारा मजबूत हो रही है। बस्तर सहित पूरे प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहे हैं।
केंद्र सरकार के योगदान का श्रेय
मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, स्पष्ट नीति और प्रभावी रणनीति को दिया। उनके नेतृत्व में भयमुक्त और सुरक्षित छत्तीसगढ़ का सपना आज साकार हो रहा है।
वीर जवानों को श्रद्धांजलि
सीएम साय ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सुरक्षाबलों के अदम्य साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनके अथक प्रयासों का परिणाम है, मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नक्सलमुक्त वातावरण में अब छत्तीसगढ़ तेज़ गति से विकास के नए सोपान गढ़ेगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा।
