CG News: कांकेर में 5 सशस्त्र नक्सलियों का आत्मसमर्पण, पुनर्वास नीति का दिखा असर
CG News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों के आत्मसमर्पण का सिलसिला लगातार तेज होता जा रहा है। हाल ही में एक और बड़ी सफलता सामने आई है, जहां 5 सशस्त्र नक्सली मुख्यधारा में लौटने के लिए आगे आए हैं।

हथियारों के साथ करेंगे सरेंडर
जानकारी के अनुसार, ये सभी नक्सली पुलिस के सामने औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण करेंगे। इनके पास एक SLR और दो .303 रायफल जैसे हथियार हैं, जिन्हें वे सुरक्षा बलों को सौंपेंगे, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में एरिया कमेटी सदस्य (ACM) स्तर के कैडर शामिल हैं, इनमें मंगेश, गणेश उइका, राजे, हिड़मे उर्फ जमाली और मंगति जैसे नाम शामिल हैं, जो लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थे।
सुरक्षाबलों के लिए बड़ी कामयाबी
इन नक्सलियों का सरेंडर सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है, इससे मोहला-अवंधी संयुक्त एरिया कमेटी पर असर पड़ेगा और क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम होने की उम्मीद है।
पुनर्वास नीति का असर
विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार ऑपरेशन, बढ़ता सुरक्षा दबाव और सरकार की पुनर्वास नीति के चलते नक्सलियों में आत्मसमर्पण की प्रवृत्ति बढ़ रही है, प्रशासन भी उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए प्रोत्साहन योजनाएं चला रहा है।
मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, सरकार की संवेदनशील और पारदर्शी नीतियों के कारण भटके हुए युवा अब मुख्यधारा में लौटने का विश्वास जता रहे हैं, उन्होंने कहा कि बस्तर में अब बंदूक की आवाज नहीं, बल्कि विकास और विश्वास की गूंज सुनाई दे रही है, लगातार हो रहे आत्मसमर्पण यह संकेत देते हैं कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति और विकास की दिशा में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है.

