CG News: बलौदाबाजार में CM विष्णु देव साय शामिल हुए सामूहिक विवाह में, आदिवासी समाज को दी करोड़ों की सौगात
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम ओड़ान पहुंचे, जहां उन्होंने गोंडवाना आदर्श सामूहिक विवाह समारोह में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज द्वारा तुरतुरिया माता महासभा लवन के तत्वावधान में आयोजित किया गया था।
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक गोंडी रीति-रिवाज से विवाह बंधन में बंधे 28 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आदिवासी समाज के लिए बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने समाज के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कसडोल नगर में कंवर समाज के लिए सामुदायिक भवन और नगर पंचायत पलारी में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम ओड़ान में बड़ादेव ठाना में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।
साथ ही, ओड़ान गांव के शनिमंदिर से बड़ादेव ठाना तक सीसी रोड निर्माण को भी मंजूरी दी गई, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
जनजातीय विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार आदिवासी समाज के उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति के सच्चे संरक्षक हैं और जल, जंगल, जमीन की रक्षा में उनकी अहम भूमिका रही है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” के तहत इस वर्ष 200 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। वहीं, प्रधानमंत्री जनमन योजना को भी जनजातीय विकास में मील का पत्थर बताया।
परंपरा और आजीविका को बढ़ावा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार आदिवासी कला और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। “मुख्यमंत्री सम्मान निधि” योजना के तहत बैगा, गुनिया और सिरहा को हर साल 5 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए संग्रहण मूल्य 4000 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। इसके साथ ही जंगल जाने वाले आदिवासी भाइयों-बहनों को चरण पादुका वितरण की योजना भी फिर से शुरू की गई है, जिसके लिए 60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सामूहिक विवाह को बताया सराहनीय पहल
मुख्यमंत्री ने सामूहिक विवाह को समाज के लिए बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक एकता बढ़ती है और अनावश्यक खर्चों पर रोक लगती है। उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 6 हजार से अधिक जोड़ों का विवाह कराया गया, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया है, इस अवसर पर जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संदीप साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


