Jashpur News: विश्व वानिकी दिवस पर जशपुर वन मंडल में जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों और नागरिकों को दिया वन संरक्षण का संदेश
Jashpur News: 21 मार्च 2026 को विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर जशपुर वन मंडल के अंतर्गत विभिन्न परिक्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, इस वर्ष की थीम “वन और अर्थव्यवस्थाएं” रही, जिसके माध्यम से लोगों को वनों के महत्व और उनके आर्थिक योगदान के बारे में जागरूक किया गया.
विद्यार्थियों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
जशपुर वन परिक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी इचकेला के विद्यार्थियों को वन संरक्षण, वनाग्नि रोकथाम, नर्सरी प्रबंधन और पौधों की देखभाल के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई, विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझा.

अधिकारियों और नागरिकों की सहभागिता
कार्यक्रम में उपवन मंडलाधिकारी करण सिंह, वन परिक्षेत्राधिकारी भगत, वन अमला और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, सभी ने मिलकर विद्यार्थियों को जागरूक किया और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया.
सन्ना में निकली जागरूकता रैली
वन परिक्षेत्र सन्ना में भी विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर रैली का आयोजन किया गया, इसमें स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों ने भाग लेकर वनों की सुरक्षा और संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया.
बगीचा में वृक्षारोपण कार्यक्रम
उपवन मंडल पत्थलगांव के अंतर्गत बगीचा परिक्षेत्र में वन परिक्षेत्राधिकारी सुश्री यशस्वी मौर्य की उपस्थिति में वृक्षारोपण किया गया, इस दौरान बरगद और पीपल जैसे पर्यावरणीय और धार्मिक महत्व के पौधे लगाए गए.
वन संरक्षण का संदेश
जशपुर वन मंडल ने इस अवसर पर संदेश दिया कि वन न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि अर्थव्यवस्था और मानव जीवन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, नागरिकों से अपील की गई कि, वे वन संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं और पर्यावरण सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास करें.



