CG News: चैत्र नवरात्रि पर CM विष्णु देव साय ने किए कुदरगढ़ी माता के दर्शन, कुदरगढ़ महोत्सव का किया शुभारंभ
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चैत्र नवरात्रि की तृतीया तिथि के पावन अवसर पर सूरजपुर जिले स्थित कुदरगढ़ी माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की, इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

कुदरगढ़ महोत्सव का शुभारंभ
मुख्यमंत्री साय कुदरगढ़ महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर के नीचे प्रांगण स्थल पर हिंगुलाज माता और झगरा खाड़ देवता की विधिवत पूजा-अर्चना की, इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए उन्होंने चंदन लगाकर और चुनरी चढ़ाकर माता का आशीर्वाद लिया.
पीढ़ियों से सेवा में समर्पित परिवार
इस धार्मिक अनुष्ठान को स्थानीय बैगा राम कुमार बंछोर ने संपन्न कराया, उनका परिवार करीब 10 पीढ़ियों से कुदरगढ़ी माता की सेवा में निरंतर जुड़ा हुआ है, जो इस परंपरा की विशेषता को दर्शाता है, इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन विकास निगम एवं कुदरगढ़ी मंदिर मां बागेश्वरी लोक न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष रामसेवक पैंकरा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
आस्था का प्रमुख केंद्र
कुदरगढ़ी माता मंदिर को लेकर जनश्रुतियों में गहरी आस्था है, मान्यता है कि, यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है, यही कारण है कि प्रदेश ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं.



