Jashpur News: लोकतंत्र सेनानी महावीर प्रसाद जैन को CM साय ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर साझा किया दुख
Jashpur News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुरनगर के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय महावीर प्रसाद जैन के निवास पहुंचकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की, मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय जैन के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं, इस कठिन समय में मुख्यमंत्री ने परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.
समाज सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट जीवन
श्रद्धांजलि सभा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने स्वर्गीय महावीर प्रसाद जैन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, उनका पूरा जीवन समाज सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति समर्पित रहा है, उन्होंने कहा कि, ऐसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणापुंज होते हैं, जिनका योगदान न केवल आज बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मार्गदर्शक रहेगा, उनके निधन को समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया गया.
जनप्रतिनिधियों ने भी अर्पित किए श्रद्धासुमन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ विधायक श्रीमती गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव भी उपस्थित रहे, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी स्वर्गीय जैन के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया.



