CG News: छत्तीसगढ़ में एलपीजी दुरुपयोग पर कड़ी कार्रवाई, 214 छापों में 1013 सिलेंडर जब्त
CG News: प्रदेश में घरेलू एलपीजी के दुरुपयोग को रोकने के लिए खाद्य विभाग और जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, अब तक 214 छापों में कुल 1013 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं, जिनमें रायपुर और बिलासपुर जिले में सबसे अधिक कार्रवाई हुई है, कार्रवाई के दौरान रायपुर जिले में 392 और बिलासपुर जिले में 201 सिलेंडर जब्त किए गए हैं, यह कदम सुनिश्चित करता है कि, घरेलू गैस का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्यों के लिए ही किया जाए.

एलपीजी बुकिंग होगी आसान
खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि, एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था को और अधिक सरल बनाया जाए, इसके लिए व्हॉट्सएप, मोबाइल नंबर, आईवीआरएस और वेबसाइट के माध्यम से बुकिंग की सुविधा का व्यापक प्रचार किया जाएगा.
नए बुकिंग नंबर जारी
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन द्वारा जारी नए बुकिंग नंबर को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को आसानी से गैस बुकिंग की सुविधा मिल सके, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार कमर्शियल एलपीजी वितरण के लिए संतुलित और प्राथमिकता आधारित व्यवस्था लागू की गई है, आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, सैन्य कैम्प, रेलवे और एयरपोर्ट कैंटीन को 100% आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.
उपभोक्ताओं को राहत देने पर फोकस
सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक उपक्रमों को 50% तक, जबकि होटल, रेस्टोरेंट, पशु आहार और बीज उत्पादन इकाइयों को 20% की सीमा के भीतर गैस आपूर्ति दी जाएगी, एलपीजी से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए खाद्य विभाग का कॉल सेंटर सक्रिय है, यहां प्राप्त शिकायतों का ऑयल कंपनियों के साथ समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है, सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि, आम उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी उपलब्ध हो और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आपूर्ति बढ़ाने और निगरानी को और मजबूत किया जा रहा है.



