CG News: बोर्ड परीक्षा पेपर लीक की आशंका पर FIR दर्ज, शिक्षा मंडल ने शुरू की जांच
CG News: कक्षा 12वीं की हिंदी बोर्ड परीक्षा से जुड़े कथित प्रश्नपत्र लीक के मामले में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने एहतियातन एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, मंडल ने स्पष्ट किया है कि, परीक्षाओं की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है, किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पर्चा
मंडल को 15 मार्च की शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप के जरिए जानकारी मिली कि, परीक्षा से एक दिन पहले हिंदी विषय के कुछ प्रश्नों से जुड़ा हस्तलिखित पर्चा वायरल हुआ था, इसके बाद 16 मार्च को मीडिया रिपोर्ट्स में भी इस तरह के दावे सामने आए.

प्रश्नों में समानता का दावा
कुछ रिपोर्ट्स में यह कहा गया कि, वायरल पर्चे में दिए गए प्रश्न और परीक्षा में पूछे गए बी-सेट के प्रश्नों में समानता है, हालांकि, उपलब्ध सामग्री स्पष्ट और पूरी तरह पढ़ने योग्य नहीं है, जिससे इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि करना मुश्किल हो रहा है.
परीक्षा के बाद सामने आया मामला
मंडल के अनुसार, संबंधित वीडियो और सामग्री परीक्षा संपन्न होने के बाद सामने आई है, ऐसे में प्रथम दृष्टया इसे सीधे प्रश्नपत्र लीक का मामला नहीं माना जा सकता, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने एहतियात के तौर पर एफआईआर दर्ज कराई है, साथ ही पुलिस और साइबर सेल को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके.



