CG News: आधार सेवाओं में बड़ी राहत: अब 14 जिलों में खुलेंगे नए UIDAI कार्यालय, जून से शुरू होंगी सेवाएं
CG News: आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं को लेकर लोगों को अब रायपुर तक सफर नहीं करना पड़ेगा, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने प्रदेश के 14 जिलों में नए आधार सेवा कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है, इन केंद्रों की शुरुआत जून महीने से की जाएगी, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

इन समस्याओं का होगा समाधान
अब नागरिक अपने ही जिले या नजदीकी जिले में जाकर आसानी से आधार कार्ड निरस्त होने पर दोबारा सक्रिय कराना, बायोमैट्रिक मैच की समस्या, नाम, जन्मतिथि और जेंडर में सुधार, 18 वर्ष की उम्र पूरी होने पर अपडेट, एनआरआई संबंधित सुधार तथा अन्य तकनीकी त्रुटियों का समाधान कर सकेंगे.
लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
अब तक पूरे प्रदेश के लोगों के लिए रायपुर के पंडरी स्थित श्याम प्लाजा में एकमात्र कार्यालय था, यहां रोजाना करीब 250 लोग आधार सुधार के लिए पहुंचते थे, जिससे भीड़ और लंबा इंतजार आम बात थी, इस पहल से लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी, खासतौर पर दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को अब लंबी यात्रा से राहत मिलेगी.
इन 14 जिलों में खुलेंगे नए केंद्र
नए आधार सेवा केंद्र रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद, बिलासपुर, बालोद, जगदलपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, चांपा, कोरबा, सूरजपुर, अंबिकापुर और जशपुर में शुरू किए जाएंगे, पहले चरण के बाद अन्य जिलों में भी ऐसे सेवा केंद्र खोले जाएंगे, तब तक लोग अपने नजदीकी जिले में जाकर आधार से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर सकेंगे.




