CG News: बिजली बिल के नाम पर साइबर ठगी से रहें सावधान, पावर कंपनी ने उपभोक्ताओं से की अपील
CG News: छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने बिजली उपभोक्ताओं को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के नाम पर किसी भी अनजान व्हाट्सएप, ई-मेल या एसएमएस में आए लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी एपीके फाइल को डाउनलोड करने से बचें.
फर्जी लिंक और एपीके फाइल से रहें दूर
पॉवर कंपनी ने उपभोक्ताओं को चेतावनी दी है कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के नाम पर कई साइबर ठग फर्जी लिंक भेज सकते हैं, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी किसी भी योजना या सेवा के लिए कभी भी एपीके फाइल या संदिग्ध वेब लिंक नहीं भेजती.

केवल आधिकारिक माध्यम से करें भुगतान
छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह के अनुसार बिजली बिल का भुगतान केवल आधिकारिक माध्यमों से ही करना चाहिए, उपभोक्ता मोर बिजली मोबाइल एप, कंपनी की वेबसाइट, एटीपी केंद्र या नजदीकी विद्युत कार्यालय में ही भुगतान करें, साथ ही किसी भी कर्मचारी को नकद भुगतान न करने की सलाह दी गई है, कंपनी ने बताया कि मोर बिजली मोबाइल एप को केवल गूगल प्ले या एप्पल ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें, किसी अन्य वेबसाइट या लिंक से ऐप डाउनलोड करना सुरक्षित नहीं है.
आधिकारिक संदेश की पहचान
पॉवर कंपनी ने बताया कि उपभोक्ताओं को बिजली बिल या अन्य सूचनाओं से संबंधित संदेश केवल CSPDCL-S सेंडर आईडी से ही भेजे जाते हैं, यदि किसी अन्य आईडी से संदेश प्राप्त होता है, तो उसे संदिग्ध मानकर अनदेखा करें.
जानकारी के लिए कॉल करें टोल-फ्री नंबर पर
मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना या बिजली सेवाओं से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए उपभोक्ता केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं या नजदीकी सीएसपीडीसीएल के कार्यालय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.




