CG News: मुख्यमंत्री साय ने 226 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन, राजनांदगांव के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से राजनांदगांव नगर निगम के विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए, इस अवसर पर उन्होंने 226 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से होने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की, मुख्यमंत्री ने कहा कि, यह भूमिपूजन केवल निर्माण कार्यों की शुरुआत नहीं है, बल्कि शहर के उज्ज्वल और आधुनिक भविष्य की मजबूत नींव है.
आगे बढ़ रहा है प्रदेश : CM साय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के सिद्धांत पर काम कर रही है, विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में राजनांदगांव की अहम भूमिका है, उन्होंने बताया कि, शहर की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए नागरिक सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है.
अमृत मिशन 2.0 के तहत आधुनिक सीवरेज प्लांट
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि, अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत शहर में घरेलू अपशिष्ट जल के वैज्ञानिक उपचार के लिए दो आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे, इससे गंदे पानी को सीधे नदियों और नालों में जाने से रोका जा सकेगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों के स्वास्थ्य दोनों को लाभ मिलेगा.
मुख्यमंत्री नगरोउत्थान योजना के तहत कार्य
मुख्यमंत्री नगरोउत्थान योजना के तहत शहर की सड़कों का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा, इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी, साथ ही नालियों का निर्माण और पाइपलाइन विस्तार जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा.

2000 सीटर आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण
राजनांदगांव में 2 हजार सीटों वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जाएगा, मुख्यमंत्री ने कहा कि, यह ऑडिटोरियम शहर की सांस्कृतिक पहचान को नया आयाम देगा, यहां स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा.
स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए नए संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, मुख्यमंत्री ने कहा कि, सरकार का लक्ष्य है कि, राजनांदगांव केवल स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लेने वाला शहर न रहे, बल्कि देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में अपनी पहचान बनाए.
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया विकास का रोडमैप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि, राजनांदगांव उनके दिल के बेहद करीब है और आज का दिन शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण है, उन्होंने बताया कि संकल्प बजट 2026-27 में जिले के विकास के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
शिवनाथ नदी संरक्षण और खेल सुविधाओं का विस्तार
डॉ. रमन सिंह ने बताया कि, शिवनाथ नदी के संरक्षण और विकास के लिए 250 करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं, इसके साथ ही हॉकी स्टेडियम में टर्फ सहित सुविधाओं के विकास के लिए 8.80 करोड़ रुपये और दिग्विजय स्टेडियम में खेल अधोसंरचना मजबूत करने के लिए 6 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
शहर के 51 वार्डों में पहुंचेगा विकास
इन परियोजनाओं में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, सड़क चौड़ीकरण, ऑडिटोरियम निर्माण, नाला निर्माण, पाइपलाइन विस्तार, ट्रांसपोर्ट नगर उन्नयन और कचरा प्रबंधन संयंत्र जैसे कई कार्य शामिल हैं, इन योजनाओं से राजनांदगांव के 51 वार्डों में बुनियादी सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा और शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी.




