CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त, छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों को मिली बड़ी राहत
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम की राजधानी गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी की, इस दौरान देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में लगभग 18 हजार 640 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की गई.
छत्तीसगढ़ के किसानों को मिला 498.83 करोड़
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार किसानों के खातों में लगभग 498.83 करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई, इस कार्यक्रम के तहत राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में प्रधानमंत्री किसान निधि सम्मान योजना राशि अंतरण एवं पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

सीएम साय ने किसानों को किया संबोधित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन प्रदेश के किसान भाइयों और बहनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर वर्ष तीन किस्तों में कुल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जो किसानों के परिश्रम और योगदान का सम्मान है.

साय सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस योजना के माध्यम से अब तक छत्तीसगढ़ के किसानों को 11 हजार 283 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और सरकार बनने के बाद सबसे पहले किसानों को बोनस राशि दी गई.

धान खरीदी और किसानों को बेहतर भुगतान
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहां किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है, साथ ही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के 48 घंटे के भीतर किसानों के खातों में भुगतान सुनिश्चित किया गया है, राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषक उन्नति योजना के तहत 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि होली से पहले अंतरित की गई, इससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिली है.
फसल विविधीकरण और सिंचाई पर जोर
किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो-कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों की खेती को बढ़ावा दे रही है, सिंचाई के लिए कृषि पंपों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके लिए बजट में 5 हजार 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, साथ ही जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए 40 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है.
कार्यक्रम में मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम को कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भी संबोधित किया और किसानों से धान के साथ अन्य फसलों की खेती पर ध्यान देने की अपील की, इस मौके पर विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, कृषि विभाग के संचालक राहुल देव, बीज विकास निगम के एमडी अजय अग्रवाल और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे.




