CG News: बीजापुर के अंकित सकनी ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई
CG News: बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के छोटे से ग्राम गुदमा के युवा अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक प्राप्त कर प्रदेश और जिले का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंकित और उनके माता-पिता को वीडियो कॉल के जरिए हार्दिक बधाई दी और उनकी उपलब्धि को प्रेरणादायक बताया।
छोटे से गांव से देशव्यापी पहचान
अंकित सकनी, जो भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम गुदमा के निवासी हैं, ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद यूपीएससी की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की। इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार और गांव का, बल्कि पूरे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने जताई खुशी और दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अंकित सकनी और उनके माता-पिता से वीडियो कॉल पर बातचीत करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने अंकित की मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प को प्रेरणादायक बताया और कहा कि यह उपलब्धि युवाओं के लिए मिसाल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजापुर जैसे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्र से निकलकर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में सफलता पाना अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि अंकित की यह सफलता बस्तर क्षेत्र के सभी युवाओं के लिए संदेश है कि निरंतर प्रयास और स्पष्ट लक्ष्य के साथ किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।
युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत
सीएम साय ने कहा की अंकित सकनी की यह सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और मेहनत के दम पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य और प्रदेश के युवाओं के लिए यह प्रेरणा का उदाहरण है।




