CG News: बिरगांव होली मिलन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, किसानों को मिली राशि से बढ़ी त्योहार की खुशियां
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर के नगर निगम बिरगांव में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को रंगों के इस पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

किसानों को मिली राशि से बढ़ा उत्साह
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस साल होली का उत्साह प्रदेश में और अधिक बढ़ गया है। इसकी वजह यह है कि राज्य सरकार ने किसानों के खातों में धान उपार्जन के अंतर की राशि ट्रांसफर की है। इससे किसानों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है और त्योहार की रौनक भी दोगुनी हो गई है, मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। यह त्योहार समाज में एकता और समरसता का संदेश देता है और लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का अवसर प्रदान करता है।

बस्तर में शांति और विकास की नई शुरुआत
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंशा के अनुरूप प्रदेश में नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल में शांति और विकास का नया अध्याय शुरू हो रहा है और राज्य सरकार पूरे प्रदेश में विकास और खुशहाली के लिए लगातार काम कर रही है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी शाम
समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक मंडली द्वारा प्रस्तुत फाग गीतों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। वहीं विधायक अनुज शर्मा की प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने भी खूब उत्साह दिखाया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पिचकारी चलाकर लोगों के साथ होली की खुशियां साझा कीं।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, योगेश साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर होली के इस उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया।




