CG News: होली से पहले किसानों को 10,324 करोड़ की सौगात मुख्यमंत्री साय ने एक क्लिक में खातों में भेजी राशि
CG News: बिलासपुर जिले के रहंगी से आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की। साथ ही 263.17 करोड़ रुपए के 89 विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास से जिले को नई विकास गति देने की घोषणा की।
रहंगी से प्रदेशव्यापी किसान संवाद
बिल्हा विकासखंड के रहंगी में आयोजित आदान सहायता राशि वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर के किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन अन्नदाताओं के सम्मान का दिन है। होली से पहले किसानों को राशि उपलब्ध कराना सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है, ताकि किसान परिवार त्योहार हर्षोल्लास से मना सकें।

इस अवसर पर ‘कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान’ थीम पर आधारित वीडियो का विमोचन भी किया गया।
25 लाख से अधिक किसानों को सीधा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों ने धान विक्रय किया है और उनके खातों में सीधे राशि अंतरित की गई है। बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए प्रदान किए गए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण सुविधा, किसान क्रेडिट कार्ड, खाद पर सब्सिडी और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार जैसे कदम किसानों की समृद्धि के लिए उठाए गए हैं।
263 करोड़ से अधिक के विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने जिले में 15.99 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए 7 कार्यों का लोकार्पण तथा 247.18 करोड़ रुपए की लागत के 82 कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का खुमरी और नांगर भेंटकर सम्मान किया गया।

किसान हितैषी सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों को 6 हजार रुपए सम्मान निधि दी जा रही है। राज्य बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी सहायता राशि प्रदान की जा रही है तथा सहकारिता को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
महत्वपूर्ण घोषणाएं और सामाजिक सौगात
मुख्यमंत्री ने चकरभाटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, मंगला में माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में उन्नयन तथा रहंगी खेल मैदान में बाउंड्रीवॉल और स्टेज निर्माण की घोषणा की। साथ ही सतनामी समाज और पत्थरखान में आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

किसानों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान जगदलपुर की महिला हितग्राही बसंती कश्यप, कोरबा जिले के पहाड़ी कोरवा किसान सुखन साय तथा जांजगीर के किसान समर्थ सिंह ने राशि मिलने पर आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि यह सहायता उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायक होगी।
कृषि उन्नति और विविधीकरण पर जोर
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दलहन और तिलहन फसलों में अधिक लाभ की संभावना है। कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शाहला निगार ने बताया कि वर्ष 2025-26 में 25 लाख से अधिक किसानों को 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की सहायता दी जाएगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी भी ली।


