CG News: प्रोत्साहन राशि से बदली बसंती की तस्वीर, मुख्यमंत्री साय को कहा धन्यवाद
CG News: रायपुर में आयोजित आदान सहायता राशि वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से बस्तर जिले की महिला कृषक बसंती कश्यप से संवाद किया। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के बाद मिली प्रोत्साहन राशि से उत्साहित बसंती ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस राशि से वे कुक्कुटपालन का विस्तार करेंगी और अपने परिवार की आय बढ़ाएंगी।
वीर सावरकर भवन से जुड़ा संवाद
जगदलपुर स्थित वीर सावरकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर से वर्चुअल तौर पर जुड़े मुख्यमंत्री ने मुंडापाल की महिला किसान बसंती कश्यप से सीधा संवाद किया। उन्होंने बसंती को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय की प्रोत्साहन राशि मिलने पर बधाई दी और राशि के उपयोग के बारे में जानकारी ली।
धान विक्रय से मिली आर्थिक मजबूती
बसंती कश्यप ने बताया कि उनके परिवार के पास साढ़े तीन एकड़ पैतृक कृषि भूमि है, जिसमें वे उन्नत तरीके से धान की खेती करती हैं। इस वर्ष उन्होंने 50 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा, जिससे 1 लाख 18 हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा हुई।

इस राशि का उपयोग उन्होंने आवास निर्माण और खेती-किसानी के कार्यों में किया। अब मिली 36 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि से वे कुक्कुटपालन गतिविधि का विस्तार करेंगी और होली त्योहार भी उत्साह से मनाएंगी।
कुक्कुटपालन से बढ़ेगी आय
बसंती ने बताया कि उनका परिवार खेती के साथ कुक्कुटपालन भी कर रहा है, जिससे अच्छी आय हो रही है। अब वे इसे और विस्तार देते हुए 300 से अधिक मुर्गियां पालने की योजना बना रही हैं, ताकि आय में और वृद्धि हो सके। मुख्यमंत्री की किसान हितैषी नीतियों से प्रेरित होकर उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं ने ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।
योजनाओं से मिला संबल
बसंती कश्यप ने बताया कि वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और महतारी वंदन योजना से भी लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने किसान हित में लिए गए निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार की इन पहल से किसानों को समय पर सहायता मिल रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।



