CG News: बिलासपुर में CM विष्णुदेव साय ने 263 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास, जिले को मिली नई रफ्तार
CG News:छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले के ग्राम रहंगी में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में रिमोट का बटन दबाकर ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए की राशि सीधे अंतरित की। इस दौरान 263.17 करोड़ रुपए की लागत से 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।
कृषक उन्नति योजना के तहत सीधा लाभ
बिलासपुर जिले के ग्राम रहंगी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत 25 लाख 24 हजार से अधिक किसानों को 10 हजार 324 करोड़ रुपए सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए।

मुख्यमंत्री ने अन्नदाताओं को देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ बताते हुए कहा कि किसानों की समृद्धि से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। होली से पहले किसानों को यह राशि प्रदान कर उन्हें त्योहार बेहतर ढंग से मनाने का अवसर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार धान खरीदी के दौरान बारदाने की कोई समस्या नहीं आई और भुगतान समय पर किया गया।
263 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम में 263.17 करोड़ रुपए की लागत से 89 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें 7 कार्यों का लोकार्पण और 82 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। साथ ही 247.18 करोड़ रुपए की लागत के नए विकास कार्यों की भी नींव रखी गई, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष के बजट में कृषि के लिए 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, खाद पर सब्सिडी, शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं से किसानों को लगातार लाभ मिल रहा है।
रिकॉर्ड धान खरीदी और कृषि विविधीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस वर्ष प्रदेश में रिकॉर्ड 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। किसानों की सुविधा के लिए खरीदी अवधि भी बढ़ाई गई थी। उन्होंने दलहन-तिलहन और मिश्रित खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि फसल विविधीकरण से किसानों की आय में वृद्धि होगी।

कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं किसानों के बीच आकर योजना का लाभ दे रहे हैं, जो ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने किसानों से जैविक खेती अपनाने और रासायनिक खाद के अत्यधिक उपयोग से बचने की अपील की।
विकास, सुशासन और नई संभावनाएं
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। आवास योजना के तहत 18 लाख जरूरतमंदों को आवास स्वीकृत किए गए हैं। प्रशासन में पारदर्शिता के लिए ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है और राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और संसाधनों के समुचित उपयोग से प्रदेश को विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों को समय पर भुगतान, योजनाओं का सीधा लाभ और कृषि बजट में बढ़ोतरी प्रदेश सरकार की किसान हितैषी सोच को दर्शाता है।

