CG News: CM विष्णु देव साय का बड़ा फैसला 5000 शिक्षक भर्ती से युवाओं को मिलेगा नया अवसर
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उन्हें बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया इसी संकल्प का परिणाम है, जो न केवल युवाओं को रोजगार देगा बल्कि शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।
पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां घोषित कर दी गई हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक परीक्षा 25 अक्टूबर 2026,व्याख्याता परीक्षा 29 नवंबर 2026 उन्होंने कहा कि पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया से योग्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर मिलेगा।
शिक्षा और रोजगार के प्रति प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और विस्तार पर जोर दे रही है। नई भर्तियों से जहां एक ओर स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, वहीं दूसरी ओर हजारों युवाओं को स्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला है, और मजबूत शिक्षा व्यवस्था ही प्रदेश को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाती है। सरकार का लक्ष्य है कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचे और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलें।
युवाओं के लिए संदेश
मुख्यमंत्री साय ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पूरी तैयारी और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में शामिल हों।उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के युवा शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को सशक्त बनाकर छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।



