CG News: विष्णु देव साय से किसानों की सौजन्य भेंट, 10 हजार करोड़ से अधिक राशि अंतरण पर जताया आभार
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में प्रदेशभर से आए किसानों ने मुलाकात कर होली से पूर्व धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि खातों में अंतरित करने की घोषणा पर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर किसानों ने उन्हें धान से तौलकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री साय ने किसानों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि अन्नदाताओं की समृद्धि ही राज्य की प्रगति का आधार है।
अन्नदाताओं का सम्मान संवेदनशील नेतृत्व का परिचय
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस आत्मीय कार्यक्रम में किसानों ने ‘कृषक उन्नति योजना’ के अंतर्गत धान के अंतर की राशि होली से पहले जारी करने के निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। प्रदेश के अन्नदाताओं की ओर से मुख्यमंत्री साय को धान से तौलकर अभिनंदन किया गया, जो उनके प्रति किसानों के विश्वास और सम्मान का प्रतीक रहा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं और केंद्र व राज्य मिलकर कृषि क्षेत्र को मजबूत बना रहे हैं।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और किसानों की उन्नति से ही राष्ट्र सशक्त बनता है। उन्होंने याद दिलाया कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) जैसी व्यवस्था लागू की गई, जिससे किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण मिलना संभव हुआ।

उन्होंने कहा कि पहले किसानों को महाजनों से ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन अब ब्याज मुक्त पूंजी और योजनाओं के माध्यम से उन्हें राहत मिल रही है। प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के जरिए खेतों तक पानी पहुंच रहा है और प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है।
समर्थन मूल्य और रिकॉर्ड खरीदी
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, जो देश में अग्रणी दरों में से एक है। उन्होंने घोषणा की कि धान के अंतर की लगभग 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पूर्व किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।
28 फरवरी को बिलासपुर जिला से राशि अंतरण की शुरुआत होगी और प्रदेश के सभी विकासखंडों में इसे उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है, जो राज्य की कृषि क्षमता और सरकार की प्रभावी व्यवस्था को दर्शाता है।
किसानों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास दिलाया कि उनकी सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय वृद्धि के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करती रहेगी। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ कृषि क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर सहित प्रदेशभर से आए किसान उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय का यह किसान-हितैषी दृष्टिकोण स्पष्ट करता है कि राज्य की समृद्धि का मार्ग खेतों और किसानों की खुशहाली से होकर गुजरता है।



