CG News: विष्णु देव साय ने बढ़ाया स्वच्छ ऊर्जा की ओर बड़ा कदम, सिटी गैस परियोजना का शुभारंभ
CG News: रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना और पीएनजी रसोई गैस पाइपलाइन सुविधा की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश को स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने का संदेश दिया। इस पहल से घरेलू, औद्योगिक और परिवहन क्षेत्रों में सस्ती, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल गैस की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। साथ ही किसानों को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।
सिटी गैस परियोजना से बदलेगा ऊर्जा परिदृश्य
रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रायपुर, गरियाबंद और बलौदाबाजार जिलों में सिटी गैस अवसंरचना का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) रसोई गैस सुविधा की भी शुरुआत की गई, जिससे घर-घर तक सीधे पाइपलाइन के माध्यम से गैस पहुंच सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की पहली महिला उपभोक्ता पूनम चौबे से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद किया गया। उन्होंने इस सुविधा के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब गैस सिलेंडर की चिंता से मुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना आम लोगों के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और अब सीएनजी व पीएनजी के बढ़ते उपयोग से प्रदेश ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि यह ईंधन किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण हितैषी है, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों के खर्च में भी बचत होगी। प्रदेश में सीएनजी स्टेशनों के विस्तार की भी योजना है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रीन एनर्जी विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और छत्तीसगढ़ को सतत विकास के मार्ग पर सशक्त बनाएगा।

होली से पहले किसानों को बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि होली से पहले 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। उनका उद्देश्य है कि किसान भाई-बहन त्योहार खुशहाली और सम्मान के साथ मना सकें। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले के बिल्हा में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वे स्वयं शामिल होंगे| प्रदेशभर में भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ स्वच्छ ऊर्जा, किसान कल्याण और सामाजिक समरसता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।




