CG News: छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुविधा, अब सीधे व्हाट्सएप पर मिलेगा बिजली बिल
CG News: छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की गई है, छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के अनुसार, अब उपभोक्ताओं का बिजली बिल हर महीने सीधे व्हाट्सएप पर पीडीएफ फॉर्मेट में भेजा जाएगा, उपभोक्ता इस बिल को मोबाइल में डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर प्रिंट भी निकाल सकेंगे, बिल संदेश में ही ऑनलाइन भुगतान का विकल्प भी उपलब्ध होगा, जिससे भुगतान प्रक्रिया आसान और तेज हो जाएगी.

कितने उपभोक्ताओं को मिलेगी सुविधा ?
प्रदेश में कुल 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं,
• इनमें से 40 लाख के मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड हैं,
• लगभग 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं,
CSPDCL इन उपभोक्ताओं तक चरणबद्ध तरीके से व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल भेजेगी.
ऑफिशियल ब्लू टिक और नंबर से आएगा संदेश
बिजली बिल का व्हाट्सएप संदेश कंपनी की आधिकारिक और वेरिफाइड आईडी से भेजा जाएगा, जिस पर ब्लू टिक रहेगा, साथ ही संदेश में आधिकारिक मोबाइल नंबर दर्ज होगा, जिससे उपभोक्ता फर्जी मैसेज से सतर्क रह सकें, जैसे ही मीटर रीडिंग दर्ज होगी, उपभोक्ता को पूरा बिल PDF के रूप में व्हाट्सएप पर मिल जाएगा, यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होगी, उपभोक्ता मोर बिजली एप में जाकर अपनी भाषा पसंद चुन सकते हैं.
व्हाट्सएप नंबर रजिस्टर्ड कैसे करें ?
यदि उपभोक्ता का व्हाट्सएप नंबर रजिस्टर्ड नहीं है, तो वह टोल फ्री नंबर पर कॉल करके या मोर बिजली एप के माध्यम से नंबर दर्ज करा सकते हैं, इसके लिए उन्हें 10 अंकों का बीपी नंबर और अंतिम बिल भुगतान की जानकारी देनी होगी, CSPDCL के प्रबंध निदेशक ने उपभोक्ताओं से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है.




