CG News: एसीआई में हार्ट मरीजों को निःशुल्क मिल रहीं महंगी जीवनरक्षक दवाएं, इलाज का खर्च होगा कम
CG News: छत्तीसगढ़ में गंभीर हृदय रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत की खबर है. रायपुर के डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय से संबद्ध एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट, एसीआई के कार्डियोलॉजी विभाग में कई महंगी और जरूरी दवाएं मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं. चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार उपचार के दौरान मरीजों को इन दवाओं और इंजेक्शनों की सुविधा दी जा रही है.

कई महंगी दवाएं और इंजेक्शन उपलब्ध
कार्डियोलॉजी विभाग में टिकैग्रिलोर 90 मिलीग्राम, टेनेक्टेप्लेस, व्यामाडा, एज़ेटिमाइब, मावाकैम्टेन, सरोग्लिटाज़ार, इवोलोकुमैब यानी रिपाथा और सेमाग्लूटाइड जैसी दवाएं उपलब्ध हैं. इसके अलावा न्यूमोकोकल वैक्सीन इंजेक्शन समेत उपचार में इस्तेमाल होने वाली अन्य जरूरी दवाएं भी अस्पताल की व्यवस्था के तहत दी जा रही हैं. इनमें कई दवाओं की बाजार कीमत काफी अधिक है.
हार्ट अटैक के इलाज में भी जरूरी दवाएं मौजूद
हार्ट अटैक जैसी आपातकालीन स्थिति में रक्त के थक्के को घोलने के लिए चिकित्सकीय निगरानी में इस्तेमाल होने वाला टेनेक्टेप्लेस, TNK-t-PA के 20, 30 और 40 मिलीग्राम इंजेक्शन उपलब्ध हैं. इसके साथ स्ट्रेप्टोकाइनेज 15 लाख IU इंजेक्शन भी अस्पताल में मौजूद है. एंजियोग्राफी के दौरान उपयोग होने वाला ऑम्निपेक और विजिपेक कॉन्ट्रास्ट मीडिया भी अस्पताल की आपूर्ति में शामिल है.
गंभीर मरीजों के लिए अन्य जरूरी दवाएं भी उपलब्ध
अस्पताल में एनोक्सापारिन, हेपरिन, ह्यूमन एल्ब्यूमिन 20 प्रतिशत, नाइट्रोग्लिसरीन, निकोरैंडिल, आइसोप्रेनालिन और लिडोकेन जैसी दवाएं भी उपलब्ध हैं. इसके अलावा गंभीर संक्रमण और अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में इस्तेमाल होने वाली इमिपेनम-सिलास्टिन, पाइपरैसिलिन-टैजोबैक्टम, लाइनज़ोलिड और टीकोप्लानिन जैसी दवाएं भी अस्पताल की व्यवस्था में शामिल हैं. इससे गंभीर मरीजों के परिजनों को कई जरूरी दवाओं के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता.
महंगे इलाज के खर्च से परिवारों को राहत
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इन दवाओं की निःशुल्क उपलब्धता से गंभीर हृदय रोगियों और उनके परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हो रहा है. एसीआई के कार्डियोलॉजी विभाग में हार्ट अटैक और अन्य गंभीर परिस्थितियों में जरूरी दवाएं समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बढ़ाने की व्यवस्था के तहत मरीजों को यह सुविधा मिल रही है.
