CG News: मुख्यमंत्री साय ने केशकाल में सड़क निर्माण का किया निरीक्षण, बस्तर में आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
CG News: रायपुर से जगदलपुर जाते समय केशकाल में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का काफिला रुक गया, जिसकी वजह राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चल रहा सड़क उन्नयन कार्य था, मुख्यमंत्री ने मौके पर उतरकर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया और अधिकारियों को चेतावनी दी कि, काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

एनएच-30 बस्तर संभाग की अहम सड़क
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, एनएच-30 बस्तर संभाग की सबसे अहम सड़क है, जो रायपुर को बस्तर और अन्य राज्यों से जोड़ती है, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, निर्माण कार्य तय मापदंडों और समय-सीमा के अनुसार जल्द पूरा किया जाए, केशकाल बायपास और नगर क्षेत्र में भी निर्माण की निगरानी की गई, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिले.

कोंडागांव में दीदी की रसोई का निरीक्षण
सड़क निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री और राज्यपाल कोंडागांव पहुंचे, यहां उन्होंने बिहान योजना के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित “मोर सुआद–दीदी की रसोई” का निरीक्षण किया, महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया और मुख्यमंत्री तथा राज्यपाल ने फरा और अंगाकर रोटी का स्वाद लिया.
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने महिलाओं से उनकी आय और कामकाज की जानकारी ली और कहा कि, स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का मजबूत माध्यम हैं, उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि, महिलाओं को आजीविका के लिए हर संभव सहयोग दिया जाए.
लोक कलाकारों और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात
कार्यक्रम के दौरान जिले के लोक कलाकारों की पेंटिंग्स का भी अवलोकन किया गया, मुख्यमंत्री ने कलाकारों से बातचीत कर उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की, इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री, बस्तर सांसद, कोंडागांव विधायक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.




