CG News: छत्तीसगढ़ के 27 जिलों में 206 सरकारी स्कूलों के लिए नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति
CG News: राज्य शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के मुख्य बजट के अंतर्गत शिक्षा अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए 27 जिलों में संचालित 206 शासकीय शालाओं के नवीन भवन निर्माण के लिए 24 करोड़ 23 लाख 56 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है, इस निर्णय से भवन विहीन शालाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सुरक्षित और स्थायी विद्यालय भवन की सुविधा उपलब्ध होगी.
43 शासकीय प्राथमिक शालाओं के लिए निर्माण
स्वीकृति के तहत 43 शासकीय प्राथमिक शालाओं के लिए प्रति शाला 11.48 लाख रुपये की दर से कुल 493.64 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, इनमें मोहला-मानपुर, अंबागढ़, खैरागढ़, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कांकेर, कोरियागांव, कोरिया, जांजगीर-चांपा, कवर्धा, महासमुंद, बिलासपुर, रायपुर, राजनांदगांव, सरगुजा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सूरजपुर, जशपुर, गरियाबंद, मुंगेली और धमतरी जिले की प्राथमिक शालाएँ शामिल हैं.
163 शालाओं के लिए भवन निर्माण
प्रदेश की 163 शासकीय पूर्व माध्यमिक शालाओं के नवीन भवन निर्माण के लिए प्रति शाला 11.84 लाख रुपये की दर से कुल 1929.92 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, इनमें बस्तर, मोहला-मानपुर, बेमेतरा, बलरामपुर, कांकेर, धमतरी, कोण्डागांव, कोरिया, कवर्धा, रायपुर, रायगढ़, राजनांदगांव, सरगुजा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सूरजपुर, दुर्ग, नारायणपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, बलौदाबाजार, मुंगेली, जशपुर, सक्ती, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों की शालाएँ शामिल हैं.
निर्माण ग्राम पंचायतों के माध्यम से
राज्य शासन ने निर्णय लिया है कि, स्वीकृत भवनों का निर्माण संबंधित ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराया जाएगा, निर्माण कार्य हेतु स्वीकृत राशि दो या तीन किश्तों में विमुक्त की जाएगी, जिससे पारदर्शिता, गुणवत्ता और स्थानीय सहभागिता सुनिश्चित हो सके.
स्कूल शिक्षा मंत्री की प्रतिक्रिया
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि, 27 जिलों की 206 शासकीय शालाओं के लिए भवन निर्माण की यह स्वीकृति ग्रामीण, आदिवासी और दूरस्थ अंचलों में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाएगी, इससे विद्यार्थियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा.


