CG News: रायपुर में नव-नियुक्त आरक्षकों को मिला डिजिटल प्रशिक्षण, पुलिसिंग होगी और मजबूत
CG News: शासकीय आईटीआई रायपुर में प्रोजेक्ट तेजस के तहत नव-नियुक्त आरक्षकों के लिए आयोजित कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के साथ हुआ। DIG अमित कांबले और ACP स्मृतिक राजनाला ने प्रशिक्षण को आधुनिक पुलिसिंग के लिए आवश्यक बताया।
प्रोजेक्ट तेजस के तहत प्रशिक्षण का समापन
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, रायपुर में कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित प्रोजेक्ट तेजस के अंतर्गत नव-नियुक्त आरक्षकों (GD) के लिए आयोजित कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 4 फरवरी 2026 को गरिमामय प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में रायपुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री अमित तुकाराम कांबले एवं एसीपी साइबर पुलिस एवं क्राइम श्री स्मृतिक राजनाला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
तकनीकी दक्षता पर अतिथियों का जोर
समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी आरक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही संस्था के प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने संस्था के प्राचार्य एवं प्रोजेक्ट तेजस के प्रेरणास्रोत मे. नरेंद्र उपाध्याय को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके योगदान की सराहना की। DIG कांबले ने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीकी दक्षता अत्यंत आवश्यक है, जबकि ACP राजनाला ने साइबर जागरूकता को पुलिस व्यवस्था का अहम हिस्सा बताया।
व्यावहारिक प्रशिक्षण से बढ़ी क्षमता
यह प्रशिक्षण 23 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक आयोजित हुआ, जिसमें कंप्यूटर बेसिक्स, एमएस ऑफिस, डेटा एंट्री, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़ी जानकारी दी गई। मुख्य प्रशिक्षक श्री राघवेन्द्र सिन्हा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण अत्यंत प्रभावी रहा। संस्था ने भविष्य में CRPF, CISF, BSF और पुलिस जवानों के लिए ऐसे प्रशिक्षण जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।




