CG News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 3 दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा, सुरक्षा और विकास पर होगी चर्चा
CG News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 फरवरी की शाम लगभग 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे, एयरपोर्ट से सीधे वे अपने प्रवास स्थल जाएंगे, रात करीब 8 बजे राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक होगी, इसमें कानून-व्यवस्था, सुरक्षा चुनौतियों और केंद्र-राज्य समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

8 फरवरी: नक्सल अभियान की उच्चस्तरीय समीक्षा
8 फरवरी को अमित शाह वामपंथी उग्रवाद (LWE) को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, बैठक में केंद्रीय और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस महानिदेशक, CRPF, BSF, ITBP समेत अन्य अर्धसैनिक बलों के अधिकारी शामिल होंगे, इसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे ऑपरेशनों, सुरक्षा बलों की रणनीति, इंटेलिजेंस इनपुट और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा होगी.
विकास कार्यों और केंद्र योजनाओं की समीक्षा
गृह मंत्री शाह राज्य सरकार के साथ विकासात्मक योजनाओं और केंद्र प्रायोजित कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा करेंगे, विशेष ध्यान बस्तर और अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, संचार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर दिया जाएगा.
9 फरवरी: बस्तर पंडूम महोत्सव में शामिल
9 फरवरी को अमित शाह बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर पहुंचेंगे, यहां वे बस्तर पंडूम महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, यह महोत्सव बस्तर की जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोककला को समर्पित है, कार्यक्रम के बाद गृह मंत्री दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
यह 3 दिवसीय दौरा राज्य के लिए महत्वपूर्ण
अमित शाह का यह 3 दिवसीय दौरा छत्तीसगढ़ के लिए सुरक्षा और विकास दोनों दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, न केवल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के कामकाज की समीक्षा होगी, बल्कि राज्य में विकास योजनाओं की गति और प्रभाव भी जाँची जाएगी.




