CG News: CM विष्णुदेव साय ने बजट 2026-27 को बताया ऐतिहासिक, छत्तीसगढ़ को मिलेगा सीधा लाभ
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 को भारत के सुनहरे और विकसित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक दस्तावेज बताया है, उन्होंने कहा कि, कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट है, जिसमें देश के समग्र विकास और हर नागरिक के कल्याण को केंद्र में रखा गया है, बजट में आर्थिक विकास और रोजगार सृजन, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति तथा ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को विशेष महत्व दिया गया है.
गरीब, किसान और मध्यम वर्ग को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा, उन्होंने विश्वास जताया कि, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को इस बजट का सीधा और दीर्घकालिक लाभ मिलेगा.

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था होगी मजबूत
बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए हैं, एआई और आधुनिक तकनीकों के जरिए कृषि उत्पादकता बढ़ाने, पशुपालन और डेयरी उद्योग को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है, महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योग और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित कर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि, बजट में युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है, स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे, पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम के अवसर मिलेंगे, साथ ही विदेश यात्रा और विदेशों में शिक्षा पहले की तुलना में अधिक सुलभ होगी.

स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने बजट को ऐतिहासिक बताया, बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी, जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने का भी प्रावधान है.
महिला सशक्तिकरण को नई गति
लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा, इसके साथ ही हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से बेटियों को उच्च शिक्षा में मदद मिलेगी.
इन्फ्रास्ट्रक्चर, उद्योग और खेल को बढ़ावा
देश की आर्थिक मजबूती के लिए 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए जलमार्ग, बड़े टेक्सटाइल पार्क और खनिज कॉरिडोर की घोषणा की गई है, सेमीकंडक्टर मिशन में 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक विकास और रोजगार को नई गति मिलेगी, खेलो इंडिया मिशन और शिक्षा सुधारों से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे.
कर सुधार और आम जनता को राहत
बजट में आयकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, दवाइयां, कपड़े, जूते, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण और बायोगैस-सीएनजी जैसी कई रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी, जिससे आम लोगों को सीधी राहत मिलेगी.
सबका साथ, सबका विकास की भावना मजबूत
अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और मजबूत करता है, यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा, उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस जनकल्याणकारी और विकासशील बजट के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया.




