CG News: राजिम कुंभ कल्प 2026: माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक त्रिवेणी संगम पर भव्य आयोजन, राज्यपाल रामेन डेका करेंगे शुभारंभ
CG News: छत्तीसगढ़ के प्रयागराज कहे जाने वाले राजिम में एक बार फिर धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति का भव्य संगम होने जा रहा है, माघ पूर्णिमा 1 फरवरी से महाशिवरात्रि 15 फरवरी 2026 तक राजिम कुंभ कल्प 2026 का आयोजन किया जाएगा, इस वर्ष भी कुंभ आयोजन नए मेला स्थल चौबेबांधा, राजिम में होगा.
राजनीतिक और धार्मिक भागीदारी
राजिम कुंभ कल्प 2026 का शुभारंभ 1 फरवरी को माघ पूर्णिमा के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका के करकमलों से होगा, उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे, इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर, राजिम विधायक रोहित साहू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे.

स्थानीय जनप्रतिनिधियों की विशेष भागीदारी
कार्यक्रम में गरियाबंद, राजिम, गोबरा-नवापारा, फिंगेश्वर, मगरलोड, कोपरा सहित आसपास के सभी जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेंगे, यह आयोजन स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाएगा.
देशभर के संत-महात्माओं का दिव्य समागम
राजिम कुंभ कल्प के शुभारंभ पर देशभर से कई प्रतिष्ठित संत-महात्मा शामिल होंगे, इनमें दंडी स्वामी डॉ. इन्दुभवानन्द तीर्थ, दंडी स्वामी सच्चिदानंद तीर्थ, महंत रामसुंदर दास, स्वामी राजीव लोचन दास, प्रजापिता ब्रह्मकुमार नारायण भाई, ब्रहमाकुमारी पुष्पा बहन सहित अनेक संत शामिल रहेंगे.
उत्सव के मुख्य आकर्षण बिंदु
कुंभ के दौरान प्रतिदिन शाम 6:30 बजे महानदी आरती का आयोजन होगा, साथ ही शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम और 7 बजे से मुख्य मंच पर विविध आयोजन आयोजित किए जाएंगे,
विशेष आकर्षण के रूप में 9 से 11 फरवरी तक पंडोखर सरकार संत गुरूशरण जी महाराज का सत्संग दरबार भी आयोजित होगा, जो प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा.
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान का लक्ष्य
धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन गरियाबंद और सभी संबंधित विभाग राजिम कुंभ कल्प 2026 को सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं, यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देगा.




