CG News: छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स की बड़ी सफलता, पंजीयन दरों में संशोधन पर सरकार ने दिया राहत पैकेज
CG News: छत्तीसगढ़ के व्यापारिक हितों और आम जनता की राहत के लिए ‘छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज’ ने महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए थे, अचल संपत्तियों की पंजीयन दरों और नई गाइडलाइन में पाई गई विसंगतियों को लेकर चेम्बर ने राज्य सरकार से संशोधन की मांग की थी, इसके बाद सरकार ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए व्यापारियों और आम लोगों को बड़ी राहत दी है.
प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री को धन्यवाद दिया
इस उपलब्धि के बाद आज चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से सौजन्य भेंट की, प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों, किसानों और आम जनता की ओर से मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया.

चेम्बर के सुझावों पर सरकार ने किए सुधार
प्रेस वार्ता में सतीश थौरानी ने बताया कि, चेम्बर ने सरकार को पत्र के माध्यम से कई सुझाव दिए थे, जिनमें प्रमुख हैं,
• पंजीयन शुल्क में कटौती
• नवा रायपुर के गांवों को नगरीय क्षेत्र की बाध्यता से मुक्त करना
• बहुमंजिला इमारतों के लिए आनुपातिक मूल्यांकन लागू करना
इन सुझावों को स्वीकार करते हुए सरकार ने दरों को युक्तिसंगत बनाया, जिससे रियल एस्टेट सेक्टर को नई गति मिलेगी.
सुगम निवेश और विकास प्राथमिकता : वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, सरकार का उद्देश्य केवल राजस्व संकलन नहीं, बल्कि व्यापारियों और आम जनता के लिए सुगम और अनुकूल वातावरण तैयार करना है, उन्होंने चेम्बर के सुझावों पर त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की और इसे छत्तीसगढ़ के विकास में मील का पत्थर बताया.
व्यापारिक प्रतिनिधि हुए शामिल
इस अवसर पर चेम्बर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और रियल एस्टेट क्षेत्र के उद्यमी मौजूद रहे, सभी ने मिलकर इस निर्णय की सराहना की और इसे राज्य में निवेश व विकास के लिए सकारात्मक कदम बताया.



