CG News: बारनवापारा में IFS प्रशिक्षुओं का फील्ड प्रशिक्षण, वन संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में पहल
CG News: छत्तीसगढ़ के बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य में प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को आईटी आधारित वन प्रबंधन, आधुनिक सर्वे तकनीकों और वन्यजीव संरक्षण की व्यवहारिक समझ प्रदान करना रहा.
आधुनिक तकनीक अपनाने का आह्वान: वन मंत्री
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि, आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अपनी कार्यक्षमता बढ़ाएं और छत्तीसगढ़ की समृद्ध वन संपदा के संरक्षण हेतु सतत प्रयास करें, उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
![]()
DGPS से सटीक सर्वे और प्रभावी प्रबंधन
प्रशिक्षण सत्र के दौरान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्रीय निदेशक सुश्री स्तोविषा समझदार ने DGPS प्रणाली की कार्यप्रणाली, उसकी उपयोगिता तथा वन सर्वेक्षण, सीमांकन और प्रबंधन में इसके महत्व की विस्तृत जानकारी दी, उन्होंने बताया कि, DGPS आधारित सर्वेक्षण से सटीक डेटा संग्रह संभव होता है, जो दीर्घकालिक संरक्षण योजनाओं के लिए अत्यंत उपयोगी है.
‘गज संकेत’ एप से हाथी निगरानी और संघर्ष प्रबंधन
उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप-निदेशक वरुण जैन ने प्रशिक्षु अधिकारियों को “गज संकेत” मोबाइल एप्लिकेशन के फील्ड उपयोग, डेटा एंट्री और प्रबंधन की जानकारी दी, उन्होंने बताया कि, यह एप हाथियों की गतिविधियों की निगरानी, मानव–हाथी संघर्ष प्रबंधन और त्वरित सूचना साझा करने में एक प्रभावी डिजिटल माध्यम है.
फील्ड आधारित प्रशिक्षण से निर्णय क्षमता में वृद्धि
कार्यक्रम के समापन अवसर पर वनमंडलाधिकारी बलौदाबाजार धम्मशील गणवीर ने कहा कि, तकनीकी और फील्ड आधारित प्रशिक्षण भावी वन सेवा अधिकारियों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रबंधन से संरक्षण कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है.
अभ्यारण्य भ्रमण से मिली जमीनी समझ
बारनवापारा अभ्यारण्य के अधीक्षक कृषानू चन्द्राकार ने प्रशिक्षु अधिकारियों को अभ्यारण्य की भौगोलिक, पारिस्थितिक और संरक्षण संबंधी विशेषताओं से अवगत कराया, इस दौरान अधिकारियों ने वनभैंसा संरक्षण केंद्र, ब्लैकबक संरक्षण एवं पुनर्स्थापन केंद्र, ग्रासलैंड विकास क्षेत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया.



