Jashpur News: निर्वाचन में तकनीक के प्रभावी उपयोग के लिए जशपुर बना छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ जिला
Jashpur News: लोकतांत्रिक व्यवस्था को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जशपुर जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जशपुर को “निर्वाचन में तकनीक का प्रभावी उपयोग” श्रेणी में छत्तीसगढ़ राज्य का सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला घोषित किया गया.
आईटी नवाचारों को मिला सम्मान
यह सम्मान चुनाव प्रक्रिया में सूचना प्रौद्योगिकी के नवाचारपूर्ण, पारदर्शी और प्रभावी उपयोग के लिए प्रदान किया गया है, जशपुर जिले ने डिजिटल माध्यमों को अपनाकर निर्वाचन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और भरोसेमंद बनाया.
![]()
कलेक्टर को सौंपा गया सम्मान
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की ओर से प्राप्त स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रोहित व्यास को सौंपा, इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.
डिजिटल मतदाता सूची से बढ़ी पारदर्शिता
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के दौरान उन्नत ई-प्रणालियों का उपयोग किया गया, जिससे मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता में उल्लेखनीय सुधार हुआ.
बूथ स्तर पर रियल-टाइम निगरानी
चुनाव प्रक्रिया के दौरान बूथ स्तर पर डिजिटल निगरानी व्यवस्था लागू की गई, आईटी टूल्स के माध्यम से रियल-टाइम डेटा मैनेजमेंट किया गया, जिससे मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी और समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सका.
ऑनलाइन प्रशिक्षण से टीम सशक्त
निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, इससे उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ी और चुनावी प्रक्रियाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित हुआ.
पूरी टीम को श्रेय
मतदाता जागरूकता के लिए तकनीक आधारित स्वीप गतिविधियों का प्रभावी उपयोग किया गया, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के मतदाताओं तक जरूरी चुनावी जानकारी और संदेश पहुंचाए गए, इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि, यह सम्मान पूरी निर्वाचन टीम की कड़ी मेहनत, नवाचार और समर्पण का परिणाम है.



