CG News: नक्सलवाद को बड़ा झटका, सुकमा में हथियारों के साथ 4 नक्सलियों का आत्मसमर्पण
CG News: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की कमर लगातार टूटती नजर आ रही है, इसी कड़ी में सुकमा जिला मुख्यालय में शुक्रवार को नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगा, जब 8 लाख रुपये के इनामी 4 नक्सलियों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया.
एसीएम रैंक के नक्सली शामिल
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में एसीएम रैंक के सक्रिय कैडर शामिल हैं, इनमें दो महिला नक्सली भी हैं, जो लंबे समय से संगठन में सक्रिय थीं और सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बनी हुई थीं.
![]()
हथियार और गोला-बारूद बरामद
सरेंडर के दौरान नक्सलियों ने SLR, INSAS, .303 और .315 रायफल सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद पुलिस के हवाले किया, ये नक्सली गोलापल्ली, कोंटा और किस्टाराम क्षेत्रों में सक्रिय थे.
संयुक्त पुलिस कार्रवाई का परिणाम
यह आत्मसमर्पण सुकमा पुलिस और आंध्र प्रदेश की अल्लूरी सीताराम राजू पुलिस के संयुक्त प्रयासों का प्रत्यक्ष परिणाम बताया जा रहा है, जिससे सीमावर्ती इलाकों में नक्सल नेटवर्क पर दबाव और बढ़ा है.
‘पूना मारगेम’ अभियान की बड़ी सफलता
पूरी कार्रवाई राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “पूना मारगेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन” के तहत संपन्न हुई, इस अभियान का उद्देश्य हिंसा का रास्ता छोड़ने वाले माओवादियों को मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें नया जीवन देना है.
अन्य नक्सलियों से अपील
पुलिस और प्रशासन ने इस अवसर पर अन्य नक्सलियों से भी अपील की है कि, वे हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण करें और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर सामान्य व सम्मानजनक जीवन की ओर लौटें.




