CG News: महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त जारी, 68 लाख महिलाओं को 641 करोड़ की सौगात
CG News: 30 जनवरी को नारायणपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त की राशि जारी करेंगे, इस अवसर पर प्रदेश की 68 लाख 39 हजार 592 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 641 करोड़ 34 लाख रुपये की राशि अंतरित की जाएगी.

महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को की गई थी, इस योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है.

अब तक का वितरण आंकड़ा
योजना के शुभारंभ से लेकर अब तक 23 किस्तों के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को कुल 14,954.42 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं, यह प्रक्रिया न केवल पारदर्शी है, बल्कि महिलाओं को सीधे लाभ पहुंचाने में भी प्रभावी साबित हो रही है.
24वीं किस्त के बाद कुल राशि
24वीं किस्त के रूप में 641.34 करोड़ रुपये जारी होने के बाद महतारी वंदन योजना के अंतर्गत वितरित कुल राशि बढ़कर 15,595.77 करोड़ रुपये हो जाएगी.
राज्य सरकार की प्रतिबद्धता
यह योजना राज्य सरकार की महिला कल्याण और सशक्तिकरण के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है, महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की लाखों महिलाओं के सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन का आधार बन चुकी है.




