CG News: राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के कलाकारों से मिलीं द्रौपदी मुर्मु, झांकी को बताया जनजातीय संस्कृति का जीवंत प्रतीक
CG News: गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ की झांकी में शामिल कलाकारों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात का गौरव प्राप्त हुआ, इस स्नेहपूर्ण भेंट के दौरान कलाकार भावुक और गर्व से भरे नजर आए.
झांकी की जमकर की सराहना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ की झांकी की प्रशंसा करते हुए कहा कि, इसके माध्यम से देश की समृद्ध जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का अत्यंत प्रभावशाली प्रदर्शन हुआ है, उन्होंने कलाकारों के समर्पण और जीवंत प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा, “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया.”

मंदार नृत्य ने मोहा मन
नारायणपुर जिले से आए जनजातीय कलाकारों ने गणतंत्र दिवस परेड में छत्तीसगढ़ की झांकी के साथ पारंपरिक मंदार नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी थी, इस नृत्य ने कर्तव्य पथ पर मौजूद दर्शकों के साथ-साथ देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया, उल्लेखनीय है कि, बस्तर अंचल की इस पारंपरिक कला टोली ने अपनी अनूठी लोक-संस्कृति और नृत्य शैली के माध्यम से राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान को मजबूती से प्रस्तुत किया है.
कलाकारों के लिए अविस्मरणीय क्षण
कलाकारों ने राष्ट्रपति से मुलाकात को अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया, उन्होंने कहा कि, यह सम्मान उन्हें अपनी लोककला, संस्कृति और परंपराओं को और अधिक निष्ठा से आगे बढ़ाने की नई प्रेरणा देगा.
नारायणपुर के कलाकारों का प्रतिनिधित्व
राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले दल में टीम लीडर तेज बहादुर भुवाल के नेतृत्व में ग्राम नयनार, जिला नारायणपुर से आए 13 सदस्यीय कलाकार शामिल थे, इनमें जेनू राम सलाम, लच्छू राम, जैतू राम सलाम, राजीम सलाम, दिनेश करंगा, जयनाथ सलाम, मानसिंग करंगा, चंद्रशेखर पोटाई, धनश्याम सलाम, जगनाथ सलाम, सुरेश सलाम और दिलीप गोटा शामिल रहे.



