CG News: बस्तर पंडुम को मिलेगा राष्ट्रीय गौरव, बस्तर पंडुम में राष्ट्रपति और गृह मंत्री शामिल होंगे
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आयोजित होने वाले बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय महोत्सव में देश के शीर्ष नेता शामिल होंगे, 7 फरवरी को कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिरकत करेंगी, जबकि 8 फरवरी को समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे.
![]()
राष्ट्रपति दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास को देखते हुए राज्य प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, इस संबंध में मुख्य सचिव विकास शील ने राज्य मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.

सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा
मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाएं, यातायात व्यवस्था और आवागमन से जुड़ी सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर कलेक्टर से भी जमीनी व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जनसंपर्क सचिव डॉ. रोहित यादव, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, गृह सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 फरवरी की रात रायपुर पहुंचेंगे, वे 8 फरवरी को रायपुर में नक्सलवाद पर समीक्षा बैठक करेंगे, बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और गृह मंत्री विजय शर्मा शामिल होंगे, बैठक के बाद अमित शाह बस्तर पहुंचकर बस्तर पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में भाग लेंगे.



