CG News: गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ऐतिहासिक संबोधन, विकास–सुरक्षा–संस्कृति का रोडमैप किया पेश
CG News: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर में ध्वजारोहण किया, समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि, आज हर नागरिक के हृदय में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्र निर्माण का संकल्प प्रज्वलित है.
संविधान और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान समानता, स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति के अधिकार की मजबूत नींव है, जो भारत को एक सशक्त गणतंत्र बनाता है, सीएम साय ने कहा कि, छत्तीसगढ़ ने हाल ही में अपनी रजत जयंती मनाई है, इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नई विधानसभा भवन का लोकार्पण किया गया, जो छत्तीसगढ़ी अस्मिता, लोककला और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है.

वंदे मातरम की 150 वीं वर्षगांठ
उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् की 150वीं जयंती पूरे प्रदेश में उत्साह से मनाई गई, साथ ही भगवान बिरसा मुंडा और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता पर जोर दिया, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, माओवादी हिंसा लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ी चुनौती है, केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में सुनियोजित रणनीति अपनाई गई है और मार्च तक प्रदेश को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य लगभग पूरा होने जा रहा है.
बस्तर में लौट रही शांति
सीएम ने कहा कि, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास की रफ्तार तेज हुई है, आत्मसमर्पित नक्सलियों का मुख्यधारा में लौटना, बस्तर कैफे जैसी पहल और बच्चों के हाथों में किताबें ये लोकतंत्र की सबसे सुंदर तस्वीर हैं, मुख्यमंत्री ने कहा कि, किसानों को धान का बेहतर मूल्य मिल रहा है और पिछले दो वर्षों में डेढ़ लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के खातों में पहुंचाई गई है, सिंचाई योजनाओं, सस्ती कृषि मशीनरी और निर्यात को बढ़ावा दिया गया है.
आवास, बिजली और बुनियादी सुविधाओं में क्रांति
उन्होंने बताया कि, अब तक 26 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, प्रदेश में हर दिन लगभग 2 हजार घर बन रहे हैं, साथ ही 24 घंटे बिजली, जल जीवन मिशन और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश हो रहे हैं, सीएम साय ने कहा कि, ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी दूर की गई है, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर, मेडिकल कॉलेज, सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और हिंदी में मेडिकल शिक्षा जैसी पहल से शिक्षा-स्वास्थ्य को नई दिशा मिली है.
युवा, खेल और रोजगार की नई उड़ान
उन्होंने कहा कि, बस्तर ओलंपिक, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स और राष्ट्रीय आर्चरी एकेडमी से युवाओं को अवसर मिल रहे हैं, नई औद्योगिक नीति से लाखों रोजगार सृजन की उम्मीद है, मुख्यमंत्री ने बताया कि, बस्तर, सरगुजा, मैनपाट और जशपुर जैसे क्षेत्रों में पर्यटन बढ़ा है, एआई डाटा सेंटर, सेमीकंडक्टर यूनिट और फार्मा हब के साथ छत्तीसगढ़ भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार हो रहा है.
डिजिटल गवर्नेंस में पारदर्शिता बढ़ी
सीएम साय ने कहा कि, ई-ऑफिस, बायोमीट्रिक अटेंडेंस और डिजिटल गवर्नेंस से पारदर्शिता बढ़ी है, इसका असर राज्य की जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, रामलला दर्शन योजना, तीर्थ दर्शन योजना और साहित्य उत्सव जैसे प्रयासों से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा मिली है, मुख्यमंत्री ने नक्सल विरोधी अभियानों में बलिदान देने वाले पुलिस जवानों को नमन करते हुए राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पदक देने की घोषणा की और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया.




