CG News: जबलपुर–रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का नाम बदला, आचार्य विद्यासागर की स्मृति में हुआ नामकरण
CG News: जबलपुर से रायपुर चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का नाम अब बदलकर मूकमाटी एक्सप्रेस कर दिया गया है, यह नया नाम जैन संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज द्वारा लिखे गए प्रसिद्ध ग्रंथ ‘मूकमाटी’ के नाम पर रखा गया है, ट्रेन के डिब्बों पर भी अब मूकमाटी एक्सप्रेस लिखा हुआ दिखाई देगा.

नए नाम से आज पहली यात्रा
मूकमाटी एक्सप्रेस 17 जनवरी को पहली बार इस नए नाम से जबलपुर से रवाना होकर रायपुर पंहुची, इस दौरान ट्रेन डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर सुबह 11:30 बजे पंहुची, इस ऐतिहासिक अवसर पर जैन समाज के लोग और शहरवासियों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन का भव्य स्वागत किया.

डोंगरगढ़ का आचार्य विद्यासागर से विशेष संबंध
डोंगरगढ़ का चंद्रगिरि जैन तीर्थ आचार्य विद्यासागर महाराज के लिए बेहद महत्वपूर्ण स्थान है, यही वह जगह है जहां उन्होंने अपने जीवन के अंतिम दिनों में सल्लेखना साधना की और जैन धर्म की परंपरा के अनुसार देह त्याग की, इसी वजह से चंद्रगिरि तीर्थ आज जैन समाज के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है.
समाज ने नामकरण को बताया गौरवशाली पल
दिगंबर जैन चंद्रगिरि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष सेठ सिंघई किशोर जैन ने बताया कि, मूकमाटी एक्सप्रेस का नामकरण आचार्य विद्यासागर महाराज को सम्मान देने के उद्देश्य से किया गया है, उन्होंने सभी समाज के लोगों से अपील की है कि, वे रेलवे स्टेशन पहुंचकर इस ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनें, उन्होंने कहा कि, डोंगरगढ़ के लिए यह एक गर्व का पल है, मूकमाटी एक्सप्रेस का यहां स्वागत न सिर्फ संत विद्यासागर महाराज की याद से जुड़ा है, बल्कि इससे डोंगरगढ़ की धार्मिक पहचान भी और मजबूत होगी.



