CG News: छत्तीसगढ़ ने रचा रिकॉर्ड,अपार आईडी निर्माण में बड़े राज्यों में शीर्ष स्थान
CG News: राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत भारत सरकार द्वारा लागू की गई APAAR (अपार) आईडी योजना में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, विद्यार्थियों को स्थायी डिजिटल शैक्षणिक पहचान देने वाली इस पहल में राज्य बड़े राज्यों के बीच अग्रणी बनकर उभरा है.
88.63 प्रतिशत छात्रों की अपार आईडी तैयार
7 जनवरी 2026 तक प्रदेश के 57,045 विद्यालयों में अध्ययनरत 57,10,207 विद्यार्थियों में से 50,60,941 छात्रों की अपार-आईडी सफलतापूर्वक जनरेट की जा चुकी है, यह कुल 88.63 प्रतिशत है, जो बड़े राज्यों में सर्वाधिक प्रतिशत उपलब्धि मानी जा रही है.

बेमेतरा और राजनांदगांव सबसे आगे
अपार-आईडी निर्माण में बेमेतरा (96.40%) और राजनांदगांव (96.38%) जिले शीर्ष पर हैं,
इसके अलावा रायगढ़, कोरिया, रायपुर, कोरबा, धमतरी, दुर्ग और बलौदाबाजार जैसे जिलों में 93 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों की अपार-आईडी तैयार हो चुकी है.
अधिकांश जिलों में 80% से अधिक कवरेज
प्रदेश के नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा, बलरामपुर और दंतेवाड़ा को छोड़कर शेष सभी जिलों में 80 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों की अपार-आईडी बन चुकी है, शेष छात्रों के लिए भी आईडी निर्माण का कार्य तेज़ी से जारी है.
स्थायी डिजिटल शैक्षणिक पहचान
अपार-आईडी के माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी को एक स्थायी डिजिटल अकादमिक पहचान मिल रही है, जिसमें उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां, प्रमाण-पत्र और क्रेडिट्स सुरक्षित रूप से दर्ज होंगे, यह प्रणाली शिक्षा में पारदर्शिता, निरंतरता और राष्ट्रीय स्तर पर मोबिलिटी को मजबूत बनाएगी.
सभी छात्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयास
भारत सरकार ने 31 जनवरी 2026 तक सभी विद्यार्थियों की अपार-आईडी तैयार करने के निर्देश दिए हैं, राज्य शासन के मार्गदर्शन में शिक्षक एवं विद्यालय लगातार प्रयासरत हैं, ताकि प्रत्येक छात्र इस राष्ट्रीय डिजिटल शिक्षा पहल का लाभ प्राप्त कर सके.




