CG News: त्रिवेणी संगम में भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव, साहू समाज के कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
CG News: राजिम के पावन त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए, इस अवसर पर उन्होंने भगवान राजीव लोचन एवं भक्त माता राजिम की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की.
माता राजिम के विचार आज भी प्रासंगिक
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि, भक्त माता राजिम और माता कर्मा द्वारा दिया गया संदेश मानव समाज के लिए अत्यंत कल्याणकारी है, उनके त्याग, परिश्रम और भक्ति के आदर्शों को अपनाकर समाज सशक्त बन सकता है.

सृजन पत्रिका का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने साहू सृजन पत्रिका का विमोचन किया, साहू समाज की ओर से मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर सम्मान किया गया, मुख्यमंत्री ने साहू समाज को समृद्ध, शिक्षित और संगठित समाज बताते हुए कहा कि, इस समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है, दानवीर भामाशाह और बाबा सत्यनारायण जी के आदर्श आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं, उन्होंने कहा कि, जब समाज संगठित होता है, तो प्रदेश और देश भी मजबूत बनते हैं.
सामाजिक उत्थान की अनुकरणीय पहल
मुख्यमंत्री साय ने साहू समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सामाजिक उत्थान की मिसाल बताया, उन्होंने कहा कि, माता राजिम के मार्गदर्शन से संगठित यह समाज आज शिक्षा, कृषि और व्यवसाय सहित हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है.
नक्सलवाद के अंत की दिशा में छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि, सरकार राजिम माता के आशीर्वाद से जनता से किए गए हर वादे को पूरा कर रही है, छत्तीसगढ़ खनिज, वन और उर्वरा भूमि से समृद्ध है, नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और 31 मार्च तक बस्तर को नक्सल मुक्त करने का संकल्प सरकार ने लिया है.
सिरकट्टी आश्रम में धर्म ध्वजा की स्थापना
मुख्यमंत्री ने बताया कि, आज सिरकट्टी आश्रम स्थित राम-जानकी मंदिर में धर्म ध्वजा की स्थापना की गई, अयोध्या की तर्ज पर कुटेना में धर्म ध्वजा स्थापित होना सभी के लिए सौभाग्य का विषय है, इस अवसर पर साहू समाज के प्रतिनिधिगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
अन्य अतिथियों के विचार
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, साहू समाज एक संगठित समाज के रूप में जाना जाता है और त्रिवेणी संगम की इस पावन धरती से प्रेरणा लेकर समाज के विकास के लिए मिलकर काम किया जाएगा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने माता राजिम को त्याग, तपस्या और श्रम की प्रतीक बताते हुए शिक्षा और संस्कार पर विशेष जोर दिया.




