CG News: नया बस्तर, नई शुरुआत: सुकमा में 64 लाख के इनामी माओवादियों ने छोड़ा हिंसा का रास्ता
CG News: बस्तर संभाग में शांति स्थापना की दिशा में एक अहम उपलब्धि सामने आई है, सुकमा जिले में 64 लाख रुपये के इनामी 26 हार्डकोर माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए आत्मसमर्पण किया है, आत्मसमर्पण करने वालों में 7 महिलाएं भी शामिल हैं.
विश्वास और संवाद की जीत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटनाक्रम को केवल सुरक्षा बलों की सफलता नहीं, बल्कि मानवीय विश्वास, संवाद और संवेदनशील नीति की जीत बताया, उन्होंने कहा कि, बस्तर अब भय नहीं, बल्कि भरोसे की ओर बढ़ रहा है.

केंद्र और राज्य की साझा रणनीति का परिणाम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के स्पष्ट संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ में लागू संतुलित सुरक्षा रणनीति और संवेदनशील पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखने लगे हैं.
‘पूना मार्गेम’ अभियान से लौटी उम्मीद
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “पूना मार्गेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान ने उन युवाओं को नई राह दिखाई है, जो कभी नक्सलवाद के भ्रम में फंस गए थे, इस पहल के माध्यम से उन्हें सम्मानजनक जीवन की ओर लौटने का अवसर मिल रहा है.
विकास कार्यों से बदली बस्तर की तस्वीर
लगातार स्थापित हो रहे सुरक्षा शिविर, सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से सुदूर अंचलों तक शासन की सीधी पहुंच बनी है, मुख्यमंत्री ने कहा कि, इन्हीं प्रयासों के कारण बस्तर की तस्वीर अब बदलने लगी है.
आत्मसमर्पण करने वालों का स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादियों का स्वागत करते हुए कहा कि, हिंसा का रास्ता छोड़ने वालों के लिए सरकार के दरवाज़े हमेशा खुले हैं, उन्हें सुरक्षा, सम्मानजनक जीवन और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे.
नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ की ओर मजबूत कदम
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि, नक्सल समस्या का स्थायी समाधान सुरक्षा, विकास और विश्वास की त्रयी में निहित है, उन्होंने शेष माओवादी साथियों से भी मुख्यधारा में लौटने की अपील की, मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, बस्तर आज शांति की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा चुका है और हर आत्मसमर्पण के साथ नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प और अधिक मजबूत हो रहा है.




