CG News: छत्तीसगढ़ के सपनों को मिलेगी नई गति,शासन-हुडको एमओयू से नई शुरुआत
CG News: छत्तीसगढ़ में आवास और बुनियादी ढांचा विकास को गति देने के लिए राज्य शासन और हुडको के बीच एमओयू हुआ। इस समझौते से प्रमुख परियोजनाओं के लिए वित्तीय व तकनीकी सहयोग मिलेगा, जिससे किफायती आवास और सतत विकास को बढ़ावा मिलेगा।
राज्य के विकास को मिलेगा नया आयाम
छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे और आवास निर्माण को मजबूती देने की दिशा में राज्य शासन ने हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह रणनीतिक साझेदारी राज्य के दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी।

मंत्रालय में हुआ समझौता
यह एमओयू महानदी भवन, मंत्रालय, नवा रायपुर (अटल नगर) में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वित्त विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल, विशेष सचिव श्री चन्दन कुमार, श्रीमती शीतल शाश्वत वर्मा, उप सचिव श्री ऋषभ कुमार पाराशर, अवर सचिव श्री चंद्र प्रकाश पाण्डेय तथा हुडको से निदेशक (वित्त) श्री दलजीत सिंह खत्री और क्षेत्रीय प्रमुख श्री हितेश बोराड उपस्थित रहे।
आवास और बुनियादी ढांचे पर फोकस
समझौते का मुख्य उद्देश्य राज्य की प्रमुख आवास परियोजनाओं और बुनियादी ढांचा विकास के लिए वित्तपोषण उपलब्ध कराना है। इससे किफायती आवास की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
सतत विकास की दिशा में मजबूत कदम
यह साझेदारी आधुनिकीकरण और सतत विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। नवरत्न सीपीएसई हुडको की वित्तीय क्षमता और तकनीकी विशेषज्ञता से छत्तीसगढ़ में परिवर्तनकारी विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी।




